कश्मीर में हिजबुल ने दी धमकी
कश्मीर में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने स्थानीय लोगों को धमकी दी है कि जो भी सरकारी नौकरी में हैं, उसे छोड़ दें, अन्यथा मरने के लिए तैयार रहें। हिजबुल ने एक वीडियो के जरिये कश्मीरियों को यह धमकी दी है, जो व्हाट्सऐप पर मंगलवार को सामने आया। आतंकी संगठन ने खास तौर पर जम्मू एवं कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, किसी भी सुरक्षा बल या केंद्र सरकार में सेवारत कर्मचारियों को यह धमकी दी है।
वीडियो में हिजबुल आतंकियों ने धमकाया है कि अगर 4 दिनों के भीतर उन्होंने नौकरी नहीं छोड़ी तो उन्हें मार दिया जाएगा। 2 मिनट के इस वीडियो में ऐसे लोगों के परिवारवालों को निशाना बनाने की धमकी भी दी गई है। इसमें जिस शख्स की ओर से धमकी दी गई है, उसका नाम उमर इब्न खिताब बताया गया है। जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने भी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर दी है।
वीडियो में जिस शख्स के हवाले से धमकी दी गई है, वह हिजबुल का प्रवक्ता बताया जा रहा है। उसने खुद को आतंकी संगठन का प्रतिनिधि करार देते हुए वीडियो में कहा है कि इसके सदस्य ऐसे सभी कश्मीरी परिवारों के लिए एक संदेश लेकर इलाके में पहुंचे हैं, जिनके घर के लोग जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसटीएफ, सीआईडी, ट्रैफिक पुलिस, राष्ट्रीय राइफल्स, बीएसएफ, सीआरपीएफ और इस तरह की अन्य सेवाओं से जुड़े हैं।
वीडियो में हालांकि यह नहीं बताया गया है कि हिजबुल के आतंकी कश्मीर के कौन से इलाके में पहुंचे हुए हैं। आतंकियों ने कश्मीरियों को खुली धमकी देते हुए कहा कि 'अपने इस्तीफे के सबूत इंटरनेट पर अपलोड करो और हमें व दुनिया को दिखा दो कि तुम सभी अपनी नौकरी छोड़कर हमारी आजादी की लड़ाई में शामिल हो गए हो।'
बेखौफ आतंकियों ने धमकाया है कि अगर 4 दिनों के भीतर ऐसा नहीं किया गया तो वे उन लोगों की जान ले लेंगे। वीडियो में आतंकी ने कहा है, 'लेकिन यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि चार दिनों के बाद तुम लोगों के इस्तीफे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। तुम सभी हमारे हाथों से मारे जाओगे, तुम सभी की हत्या हो जाएगी।'

No comments:
Post a Comment